संयुक्त किसान मोर्चा के पदाधिकारी पहुंचे हेमागुड़ा, किसानों से किया जनसंपर्क

सांचौर / पी.सी. जाखड़ |


चितलवाना में होने वाले आगामी किसान महापड़ाव को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। सोमवार 27 अक्टूबर को चितलवाना उपखंड मुख्यालय पर आयोजित होने वाले इस महापड़ाव में हेमागुड़ा क्षेत्र के सैकड़ों किसान भाग लेंगे।शनिवार को संयुक्त किसान मोर्चा के पदाधिकारी हेमागुड़ा पहुंचे और किसानों से व्यापक जनसंपर्क किया। इस दौरान अमृता देवी गौशाला, हेमागुड़ा में चल रही वॉलीबॉल खेलकूद प्रतियोगिता के अवसर पर किसानों की बैठक भी आयोजित हुई।

सभा को संबोधित करते हुए संयुक्त किसान मोर्चा के जिला मंत्री मकाराम चौधरी ने कहा कि “भूमिपुत्र किसान, जिसे अन्नदाता कहा जाता है, जब संकट में होता है तो इसका मतलब पूरा देश संकट में है।”
उन्होंने कहा कि किसान प्राकृतिक आपदाओं के साथ-साथ शासन-प्रशासन की अनदेखी की मार भी झेल रहा है। कभी अतिवृष्टि, कभी सूखा, कभी बीमा क्लेम में देरी – इन सभी कारणों से किसान त्रस्त है।मकाराम चौधरी ने कहा कि जब सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिलता, तो किसान का सड़कों पर उतरना स्वाभाविक है। ईशरा राम विश्नोई ने बताया कि किसानों के आदान-अनुदान के करोड़ों रुपये बकाया हैं और रिलायंस फसल बीमा कंपनी की मनमानी लगातार जारी है। साथ ही नर्मदा नहर प्रणाली की अव्यवस्था और बिजली विभाग की लापरवाही के मुद्दों पर भी जनप्रतिनिधि और प्रशासन संवेदनशील नहीं हैं।

विरद सिंह चौहान ने कहा कि हेमागुड़ा संघर्ष समिति पिछले 9 वर्षों से नर्मदा नहर से अनकमान्ड क्षेत्रों को जोड़ने की मांग को लेकर धरना दे रही है, लेकिन अब तक प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
उन्होंने किसानों से 27 अक्टूबर को चितलवाना महापड़ाव में बड़ी संख्या में भाग लेने की अपील की।ग्राम पंचायत गुड़ा हेमागुड़ा व डी.एस. ढाणी क्षेत्र के किसानों ने भी महापड़ाव में बड़ी संख्या में भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।
हेमागुड़ा संघर्ष समिति (नर्मदा नहर अनकमान्ड क्षेत्र) के अध्यक्ष दीपा राम साऊ ने भी ऑडियो संदेश जारी कर किसानों से एकजुट होकर आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया।

इस अवसर पर संयुक्त किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष ईशरा राम विश्नोई, विरद सिंह चौहान, और क्षेत्र के सैकड़ों किसान व खिलाड़ी मौजूद रहे।

By Pc Jakhar

📰 मेरा परिचय (About Me) नाम: पी.सी. जाखड़ स्थान: सांचौर, जिला – जालोर (राजस्थान) पद: रिपोर्टर – दैनिक गुरुज्योति पत्रिका संस्थापक / ओनर: जांच पड़ताल न्यूज़ पोर्टल अनुभव: 4 वर्ष का पत्रकारिता अनुभव मैं पिछले चार वर्षों से सक्रिय रूप से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत हूँ। वर्तमान में “दैनिक गुरुज्योति पत्रिका” में रिपोर्टर के रूप में और “जांच पड़ताल न्यूज़ पोर्टल” के संस्थापक एवं संचालक के रूप में जनहित से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग कर रहा हूँ। मेरा उद्देश्य है — समाज में पारदर्शिता, सत्य और न्याय की स्थापना, तथा भ्रष्टाचार, अनैतिक कार्यों और लापरवाही की निष्पक्ष जांच-पड़ताल के माध्यम से सच्चाई को सामने लाना। पत्रकारिता मेरे लिए केवल पेशा नहीं, बल्कि जनसेवा का एक मिशन है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *